Vedant Samachar

रायपुर में 3 फर्जी कॉल सेंटर पर रेड, 40 गिरफ्तार : Apple-Amazon के कस्टमर केयर बनकर अमेरिकियों से ठगी, गंज-फाफाडीह और राजेंद्र नगर में था कॉल-सेंटर

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर, 25 मार्च I रायपुर में पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच और रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर में चल रहे 3 फर्जी कॉल सेंटरों पर छापा मारकर 40 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, ये कॉल सेंटर गंज थाना क्षेत्र, राजेंद्र नगर और फाफाडीह इलाके में संचालित हो रहे थे। शहर के पॉश इलाकों में फाइनेंस कंपनी की आड़ में चल रहे इन सेंटरों से विदेशों, खासकर अमेरिका के नागरिकों को निशाना बनाया जाता था।

जांच में सामने आया है कि, ये कॉल सेंटर रात के समय संचालित होते थे, ताकि अमेरिका और यूरोप के टाइम जोन के हिसाब से लोगों से संपर्क किया जा सके। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 20 लैपटॉप, 50 डेस्कटॉप और 50 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

Apple और Amazon के कस्टमर केयर बनकर करते थे ठगी

आरोपी खुद को Apple और Amazon के कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव बताकर विदेशी नागरिकों को कॉल करते थे। गिरोह ने अपने फर्जी नंबरों को इस तरह इंटरनेट पर सेट किया था कि गूगल सर्च में ये टॉप पर दिखाई दें। इसके बाद मदद के नाम पर डॉलर में ठगी की जाती थी।

दूसरे राज्यों से बुलाए गए युवक

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि, इस नेटवर्क में काम करने वाले युवक गुजरात, राजस्थान, यूपी और बिहार से लाए गए थे। इन्हें 15 से 20 हजार रुपए महीने की सैलरी पर रखा गया था।

फिलहाल पुलिस गिरोह के मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है। साथ ही डेटा लीक के स्रोत और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विदेशी एजेंसियों से भी संपर्क किया जा सकता है।

Share This Article