Vedant Samachar

बाइक पर सवार होकर बस्तियों में पहुंचे आयुक्त, जनसंपर्क कर जानी समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

Vedant Samachar
3 Min Read

कोरबा,20 मार्च (वेदांत समाचार)। नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज स्वच्छता महाअभियान के तहत वार्ड क्रमांक 08 मोतीसागरपारा और वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया का दौरा किया। इस दौरान वे बाइक पर सवार होकर और पैदल तंग गलियों में पहुंचे, जहां उन्होंने बस्तीवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान आयुक्त ने मोतीसागरपारा बस्ती में नाले की मरम्मत के लिए तत्काल प्रस्ताव तैयार करने और प्राथमिक विद्यालय में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, कोहड़िया वार्ड में बस्ती से पानी की उचित निकासी के लिए नाली निर्माण का प्राक्कलन तैयार करने को कहा।

इस अवसर पर दोनों वार्डों में स्वच्छता महाअभियान के अंतर्गत मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाई गई। अभियान के तहत नालों और नालियों की सफाई, स्लैब हटाकर गहराई से सफाई, सड़कों के किनारे जमी धूल-मिट्टी और झाड़ियों की सफाई, कचरे का त्वरित उठाव और परिवहन, साथ ही कीटनाशक दवाओं एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव व्यापक स्तर पर किया गया।

आयुक्त ने सफाई कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्डों की नालियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित और सम्पूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सी एंड डी वेस्ट, अतिक्रमण, अवैध कब्जा, दुकानों में डस्टबिन नहीं रखने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

दौरे के दौरान आयुक्त ने घर-घर पहुंचकर लोगों से जनसंपर्क किया और स्वच्छता व्यवस्था पर उनकी राय जानी। बस्तीवासियों ने नियमित सफाई और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही आयुक्त ने पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आयुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील की।

महापौर संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा स्वच्छता महाअभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 23 मार्च को वार्ड क्रमांक 35 खरमोरा और वार्ड क्रमांक 33 मानिकपुर में भी विशेष मेगा स्वच्छता ड्राइव आयोजित की जाएगी।

इस दौरान पार्षद नरेन्द्र देवांगन, रूबीदेवी सागर, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन कमिश्नर नीरज कौशिक, कार्यपालन अभियंता सुनील टांडे, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article