Vedant Samachar

KORBA: टी.पी. नगर में देर रात तक चला पुलिस का फ्लैग मार्च, हिंदू नववर्ष कार्यक्रम शांतिपूर्ण सम्पन्न

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 20 मार्च (वेदांत समाचार)। हिंदू नववर्ष के अवसर पर शहर में आयोजित भव्य कार्यक्रम और रैलियों के सफलतापूर्वक समापन के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। देर रात करीब 3 बजे टी.पी. नगर क्षेत्र में पूरे पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च (फॉलिंग) किया गया, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो गई।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) लखन पटले, आईपीएस अधिकारी नितेश ठाकुर, डीएसपी (आईपी) पाठक, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी सहित टीआई और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस बल ने इलाके का निरीक्षण करते हुए कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।

हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में शहर में दो बड़ी रैलियों का आयोजन किया गया था, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक शामिल हुए। बताया जा रहा है कि दोनों रैलियों में मिलाकर लगभग 1 लाख 10 हजार लोगों की उपस्थिति रही। इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद पुलिस और प्रशासन द्वारा किए गए बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट के चलते कहीं भी अव्यवस्था या जाम की स्थिति नहीं बनी।

प्रशासन द्वारा पहले से ही ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था लागू की गई थी, जिससे आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। शहर के विभिन्न मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा और यातायात को सुचारू रूप से संचालित किया गया।

रैली के दौरान लोग पूरे उत्साह के साथ शहर में भ्रमण करते नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होने के कारण आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुआ। पुलिस प्रशासन की इस सतर्कता और कुशल प्रबंधन की आम नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।

Share This Article