कोरबा,19 मार्च (वेदांत समाचार)। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (South Eastern Coalfields Limited – SECL) में एक गंभीर विवाद सामने आया है, जहां ड्राइवर बहोरन सिंह कंवर के साथ कथित तौर पर 240 डंपर ऑपरेटरों द्वारा मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिससे मामला और गर्मा गया है।
पीड़ित बहोरन सिंह कंवर ने अपनी आपबीती बताते हुए आरोप लगाया कि वह ड्यूटी के दौरान मौजूद थे, तभी किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और बड़ी संख्या में डंपर ऑपरेटरों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि संख्या अधिक होने के कारण वह खुद को बचा नहीं सके और उन्हें चोटें भी आई हैं। पीड़ित ने इस मामले में न्याय की मांग करते हुए SECL प्रबंधन और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपील की है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। सूत्रों के अनुसार, मामले की जानकारी मिलते ही प्रबंधन और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस पूरे घटनाक्रम ने SECL में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
