नई दिल्ली , 19 मार्च: IPL Facts: आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है. इस लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज को ऑरेंज कैप से नवाजा जाता है, जो पूरे टूर्नामेंट में लगातार फॉर्म में रहने और रन जुटाने की मिसाल होती है. ऐसा करना हर बल्लेबाज के बस की बात नहीं होती, क्योंकि एक भी खराब दिन पूरे सीजन की मेहनत पर पानी फेर सकता है. लेकिन आईपीएल इतिहास में एक ऐसा बल्लेबाज है, जिसने कभी भी डक (0 पर आउट) का सामना नहीं किया है. उनकी कंसिस्टेंसी कमाल की है और वह डक पर आउट हुए बिना सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी भी है. साथ ही, उसने एक बार ऑरेंज कैप भी अपने नाम की है.
0 पर आउट हुए बिना सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड
यह खिलाड़ी हैं गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन. 24 साल के इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल में 2022 से अब तक 40 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 49.81 की शानदार औसत से 1793 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 145.89 का रहा है, जिसमें 2 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि इन सभी पारियों में कोई भी गेंदबाज उन्हें 0 पर नहीं आउट कर सका है.
पिछले सीजन आईपीएल 2025 में साई सुदर्शन ने कमाल का प्रदर्शन किया था. उन्होंने 15 मैचों में 759 रन बनाए, जिसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल थे. उनकी औसत 54.21 और स्ट्राइक रेट 156.17 का रहा. इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप जीती और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने. गुजरात टाइटंस के लिए ओपनिंग या टॉप ऑर्डर में खेलते हुए उन्होंने टीम को कई मैचों में मजबूत शुरुआत दी और मिडिल ओवरों में रन रेट बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई.
रिंकू सिंह ने भी नहीं देखा ये दिन
साई सुदर्शन के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स के रिंकू सिंह ही इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 0 पर आउट हुए बिना आईपीएल में 1000 से ज्यादा रन बनाए हैंय रिंकू ने अपनी फिनिशिंग क्षमता से नाम कमाया है और उनकी कंसिस्टेंसी भी कमाल की है. रिंकू सिंह आईपीएल में अभी तक 59 मैच खेल चुके हैं, इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक के साथ 1099 रन बनाए हैं.
