Vedant Samachar

कोरबा:नव संवत्सर रैली पर कोरबा में कड़ी सुरक्षा, 200 से अधिक जवान तैनात, ट्रैफिक डायवर्जन लागू

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा, 19 मार्च (वेदांत समाचार)। हिंदू नववर्ष (नव संवत्सर) एवं नवरात्र के अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। रैली को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शहर में 200 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए जा रहे हैं।

गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे कोसाबाड़ी और सीतामढ़ी से शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित भागीदारी को देखते हुए पुलिस द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त करेगी, वहीं संवेदनशील स्थानों एवं ऊंची इमारतों से निगरानी रखी जाएगी।

रैली के दौरान आतिशबाजी को ध्यान में रखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

यातायात व्यवस्था में बदलाव
रैली के चलते दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक शहर में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। चांपा की ओर से आने वाले चारपहिया एवं भारी वाहनों को बरबसपुर-बालको मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा, जबकि कुसमुंडा की ओर से आने वाले वाहन दर्री डैम मार्ग से गुजरेंगे। शहर में विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के साथ अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी।

ASI मनोज राठौर ने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस बल को रणनीतिक रूप से तैनात किया गया है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि कार्यक्रम सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही सभी को हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दी गई हैं।

Share This Article