Vedant Samachar

बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एक साथ कई IPS अफसरों का तबादला, इन जिलों के बदले गए एसपी

Vedant Samachar
2 Min Read

पटना,18 मार्च:बिहार के पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। यहां एक साथ आईपीएस समेत पुलिस अधिकारियों का तबादला हुआ है। इस संबंध में गृह विभाग ने आदेश भी जारी कर दिया है। पटना से जारी इस आदेश के बाद नए पदस्थापन लागू हो गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर इसे अहम बदलाव माना जा रहा है। जारी आदेश के अनुसार, चार आईपीएस एवं बिहार पुलिस सेवा के दो सहित कुल छह पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है।

जारी अधिसूचना के मुताबिक नवगछिया की एसपी प्रेरणा कुमार को लखीसराय का नया एसपी बनाया गया है और राजेश कुमार को नवगछिया का एसपी नियुक्त किया गया है। बता दें कि राजेश कुमार पहले मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में एसपी थे। वहीं लखीसराय के एसपी अवधेश दीक्षित को बिहार पुलिस मुख्यालय में एसपी कार्मिक-एक बनाया गया है। कटिहार के साइबर अपराध डीएसपी रामकृष्णा को पटना के बाढ़ का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-एक (एसडीपीओ) बनाया गया है।

वहीं बाढ़ एसडीपीओ के पद पर रहे आनंद कुमार सिंह को पटना उच्च न्यायालय सुरक्षा का डीएसपी बनाया गया है। इसके अलावा अजय कुमार पांडेय को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें अब मद्य निषेध एवं एएनटीएफ का डीआईजी बनाया गया है। इससे पहले वे निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में डीआईजी थे।

Share This Article