Vedant Samachar

अफीम खेती के बाद तस्करी का नेटवर्क होटल-ढाबों में हो रही थी बिक्री, कुम्हारी में 70 साल का बुजुर्ग बेचते पकड़ाया

Vedant Samachar
2 Min Read

दुर्ग ,18 मार्च (वेदांत समाचार) : दुर्ग जिले में अवैध अफीम खेती के बाद अब इसकी बिक्री पर पुलिस ने कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। पिछले तीन दिनों में खरीदी-बिक्री में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस नेटवर्क में होटल-ढाबा सबसे आसान ठिकाना बने हुए थे, जहां ग्राहकों को आसानी से अफीम उपलब्ध कराई जा रही थी। मंगलवार को कुम्हारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अफीम बेचने के आरोप में 70 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया।

शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से अफीम की बिक्री कर रहा था। आरोपी के पास से 403 ग्राम अफीम, 14 लाख 46 हजार रुपए नकद और दो मोबाइल बरामद किए गए है। कुल जब्ती की कीमत करीब 16 लाख रुपए आंकी गई। फिलहाल पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। दरअसल, सूचना मिलने पर पुलिस टीम खारुन ग्रीन कॉलोनी गेट नंबर-02 पहुंची। घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुरमेल सिंह (70) निवासी खारुन ग्रीन कॉलोनी, कुम्हारी बताया।

तलाशी में अफीम और बड़ी मात्रा में नकदी मिली। मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से अफीम बेचकर अवैध कमाई कर रहा था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ग), 27(क) और 29 के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ जारी है, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Share This Article