मुंबई, 17 मार्च : मुंबई इंडियंस (MI) IPL की सबसे सफल टीमों में से एक, IPL 2026 में एक बार फिर मजबूत दावेदार नजर आ रही है. हार्दिक पंड्या की कप्तानी में टीम ने 2025 सीजन में टॉप-4 में जगह बनाई थी, और अब 2026 में वह खिताब की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह उनका स्क्वॉड है, जो काफी धाकड़ नजर आ रहा है. वहीं, वानखेड़े स्टेडियम उनके घरेलू मैदान के रूप में हमेशा की तरह उनका मजबूत आधार बनेगा. हालांकि, टीम मैनेजमेंट के सामने एक बड़ी टेंशन भी है.
मुंबई इंडियंस की बड़ी ताकत
MI की बैटिंग लाइन-अप में टॉप ऑर्डर एक बार भी काफी शक्तिशाली नजर आ रहा है. रोहित शर्मा की अनुभवी बल्लेबाजी, सूर्यकुमार यादव का विस्फोटक अंदाज और तिलक वर्मा का मिडिल ऑर्डर में लचीलापन टीम को मजबूती देते हैं. वहीं, हार्दिक पंड्या न सिर्फ कप्तान हैं, बल्कि बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देते हैं, जो मैचों में अहम साबित हो सकता है. इसके अलावा टीम ने इस बार क्विंटन डीकॉक जैसे स्टार खिलाड़ी को भी अपने साथ शामिल किया है. दूसरी ओर, रयान रिकलटन, कॉर्बिन बॉश और विल जैक्स जैसे इन्फॉर्म खिलाड़ी पहले से स्क्वॉड में मौजूद हैं.
गेंदबाजी में भी टीम के पास जसप्रीत बुमराह जैसे स्टार गेंदबाज हैं, जो पिछले कई सालों से टीम की ताकत बने हुए हैं. उनका साथ देने के लिए शार्दुल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर जैसे अनुभवी गेंदबाज भी टीम के पास मौजूद हैं. स्क्वॉड में स्पिनर्स की भी कमी नहीं है, अल्लाह गजनफर और मिचेल सैंटनर जैसे स्टार टी20 गेंदबाज टीम के पास हैं. स्पिन ऑप्शन में मयंक मारकंडे और रघु शर्मा भी स्क्वॉड में शामिल हैं. यानी टीम के पास घरेलू और इंटरनेशनल खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण है, जो अलग-अलग परिस्थितियों में टीम के काफी काम आने वाला है.
टीम मैनेजमेंट की सबसे बड़ी टेंशन
मुंबई इंडियंस के स्क्वॉड में सब कुछ है, जो किसी भी टीम को चैंपियन बना सकता है. लेकिन टीम मैनेजमेंट की सबसे बड़ी टेंशन बेस्ट कॉम्बिनेशन चुनना है. दरअसल, जब टीम के पास कई मैच विनर होते हैं तो बेस्ट प्लेइंग 11 चुनना काफी अहम हो जाता है. मुंबई इंडियंस के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्लेइंग 11 के लिए 4 विदेशी खिलाड़ी चुनना भी है. दरअसल, आईपीएल के नियमों के मुताबिक, प्लेइंग 11 में ज्यादा से ज्यादा 4 विदेशी खिलाड़ी की रखे जा सकते हैं.
मुंबई इंडियंस के पास शेरफेन रदरफोर्ड, गजनफर, कॉर्बिन बॉश, मिचेल सैंटनर, रयान रिकलटन, ट्रेंट बोल्ट, विल जैक्स और क्विंटन डी कॉक जैसे स्टार विदेशी खिलाड़ी हैं. ऐसे में किसी 4 को ही खिलाना टीम मैनेजमेंट के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द हैं. शेरफेन रदरफोर्ड, कॉर्बिन बॉश, रयान रिकलटन, विल जैक्स और क्विंटन डी कॉक का हालिया फॉर्म भी काफी शानदार है. ऐसे में देखना होगा कि मुंबई की टीम इन खिलाड़ियों का इस्तेमाल कैसे करती है.
मुंबई इंडियंस का फुल स्क्वॉड
हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, रोहित शर्मा, रयान रिकलटन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, मयंक मारकंडे, एएम गजनफर, अश्वनी कुमार, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, मिचेल सेंटनर, नमन धीर, रघु शर्मा, राज बावा, रॉबिन मिन्ज, ट्रेंट बोल्ट, विल जैक्स, क्विंटन डी कॉक, दानिश मालेवार, मोहम्मद इज़हार, अथर्व अंकोलेकर, मयंक रावत.
