Vedant Samachar

‘एग्जाम देने जा रहा हूं’ कहकर घर से निकला 12वीं का छात्र, मॉल की चौथी मंजिल से कूदकर मौत

Vedant Samachar
2 Min Read

नागपुर, 17 मार्च । महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 12वीं कक्षा के एक छात्र ने मॉल की चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान मानेवाड़ा के जवाहर नगर निवासी यश सुनील झाड़े के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक यश पिछले कुछ दिनों से रोज सुबह घर से यह कहकर निकलता था कि वह परीक्षा देने जा रहा है, जबकि उसकी परीक्षाएं पहले ही खत्म हो चुकी थीं।

शनिवार को भी वह घर से ‘एग्जाम देने जा रहा हूं’ कहकर निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। जब परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला, जिसके बाद परिवार ने हुडकेश्वर पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसी दौरान गणेशपेठ थाना क्षेत्र स्थित एम्प्रेस मॉल से एक युवक के चौथी मंजिल से गिरने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि मृत युवक वही छात्र यश झाड़े है जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

घटना के बाद पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया और वह पिछले कुछ दिनों से घरवालों से परीक्षा का बहाना बनाकर कहां जाता था। गणेशपेठ थाना के निरीक्षक अतुल तावड़े के मुताबिक मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Share This Article