मुंबई, 17 मार्च 2026: एण्डटीवी का हल्का-फुल्का पारिवारिक कॉमेडी शो ‘घरवाली पेड़वाली‘ अपने मजेदार ट्विस्ट, भावनाओं और हास्य से दर्शकों का मनोरंजन करता आ रहा है। अब शो की कहानी में एक नया और दिलचस्प मोड़ आने वाला है। प्रतिभाशाली अभिनेता अंकित मोहन शो में यक्ष के किरदार में एंट्री करने जा रहे हैं। उनका यह किरदार एक रहस्यमयी भूत का है, जो ‘मैडी’ नाम के इंसान का रूप लेकर कहानी में आता है। यह किरदार सस्पेंस, हास्य और भावनाओं का अनोखा मेल लेकर आएगा और लतिका (प्रियंवदा कांत) के अतीत से भी गहराई से जुड़ा हुआ है।
शो में अपनी एंट्री को लेकर अंकित मोहन ऊर्फ यक्ष/मैडी कहते हैं, “जब मैंने पहली बार इस किरदार के बारे में सुना, तो मुझे तुरंत इसमें दिलचस्पी हो गई क्योंकि इसमें कई परतें हैं। कहानी में मैडी, जीतू का दोस्त बनकर आता है-एक ऐसा व्यक्ति जो पहली नजर में बेहद सहज, आकर्षक और सामान्य लगता है। लेकिन उसके इस मानवीय रूप के पीछे यक्ष छिपा है, एक ऐसा भूत जिसका अतीत लतिका से जुड़ा हुआ है। एक अभिनेता के तौर पर यह द्वंद्व मेरे लिए सबसे ज्यादा रोमांचक है। ‘घरवाली पेड़वाली‘ में कॉमेडी, फैंटेसी और भावनाओं का सुंदर मिश्रण है, और ऐसे किरदार को निभाना जो इंसानी और अलौकिक दुनिया के बीच मौजूद हो, अपने आप में चुनौतीपूर्ण और रोमांचक है।” अपने किरदार के बारे में आगे बताते हुए वे कहते हैं, “मुझे सबसे ज्यादा यह बात पसंद आई कि यक्ष सिर्फ एक सामान्य भूत का किरदार नहीं है। उसके साथ अतीत की यादें, भावनाएं और अधूरी कहानियां जुड़ी हुई हैं। मैडी के रूप में उसकी एंट्री के साथ ही धीरे-धीरे ये रहस्य खुलने लगेंगे। वहीं शो की कॉमिक टोन के कारण कई मजेदार पल भी सामने आते हैं, जब वह इंसानों की दुनिया में खुद को ढालने की कोशिश करता है। रहस्य और हास्य का यही मेल इस किरदार को मेरे लिए बेहद दिलचस्प बनाता है।” उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि यक्ष की मौजूदगी कहानी में एक नया मोड़ लेकर आएगी। लतिका के साथ उसका रिश्ता धीरे-धीरे सामने आएगा और कहानी में भावनात्मक गहराई जोड़ेगा, वहीं जीतू के साथ उसकी दोस्ती कहानी को मजेदार और अप्रत्याशित बनाए रखेगी। पूरी कास्ट ने मुझे बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया है और सेट पर माहौल भी शो की तरह ही बेहद सकारात्मक और ऊर्जा से भरा है। दर्शकों के यक्ष के रहस्य को जानने और इस नए ट्रैक का आनंद लेेते हुए देखने का मुझे बेसब्री से इंतजार है।‘‘
अंकित मोहन को यक्ष उर्फ मैडी के रूप में देखिये ‘घरवाली पेड़वाली‘ में, हर सोमवार से शुक्रवार रात 9:00 बजे और 10:00 बजे, सिर्फ एण्डटीवी पर। सभी एपिसोड कभी भी हिंदी ज़ी5 पर देखे जा सकते हैं!
