दुर्ग, 16 मार्च (वेदांत समाचार) : दुर्ग जिले में पुलिस ने कई मामलों में जब्त किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों को नष्ट किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 58 मामलों में जब्त करीब 6 क्विंटल से अधिक गांजा, ब्राउन शुगर, नशीली टेबलेट, कैप्सूल और सिरप का वैधानिक तरीके से नष्टीकरण किया। दरअसल, गांजा, ब्राउन शुगर, टेबलेट और कैप्सूल को भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 में नष्ट किया गया, जबकि नशीले सिरप का नष्टीकरण थाना नेवई क्षेत्र में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट करने के लिए जिला स्तर पर ड्रग्स डिस्पोजल समिति बनाई गई है। इसी समिति की मौजूदगी में सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। पुलिस के मुताबिक, कुल 58 प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया गया। इसमें 612.515 किलोग्राम गांजा, 6.550 ग्राम ब्राउन शुगर, 78,333 नशीली टेबलेट, 23,200 कैप्सूल और 197 नशीले सिरप शामिल हैं।

इन सभी को अलग-अलग स्थानों पर तय प्रक्रिया के अनुसार नष्ट किया गया। भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 में गांजा, ब्राउन शुगर, टेबलेट और कैप्सूल को उच्च तापमान में जलाकर खत्म किया गया। इस प्रक्रिया के दौरान ड्रग्स डिस्पोजल समिति के सदस्य और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
