Vedant Samachar

घर में घुसकर महिला से छेड़खानी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

Vedant samachar
3 Min Read

रायगढ़, 16 मार्च (वेदांत समाचार)। महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्ती बरतते हुए रायगढ़ पुलिस ने घर में घुसकर महिला से छेड़खानी और मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला थाना पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आशीष बघेल उर्फ संजू बघेल (24 वर्ष) निवासी इंदिरानगर पूछापारा रायगढ़ है। आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट का मामला दर्ज है और मोहल्ले के लोगों ने उसके झगड़ालू स्वभाव की शिकायत की थी।

घटना के संबंध में पीड़िता ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 फरवरी 2026 की दोपहर वह अपने घर का बिजली कनेक्शन ठीक करवा रही थी। इसी दौरान तार हिलने से कुछ देर के लिए मोहल्ले की बिजली चली गई थी। इससे नाराज होकर आरोपी उसके घर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोपी के झगड़ालू स्वभाव के कारण उस समय रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई।

पीड़िता के अनुसार 25 फरवरी की रात आरोपी दोबारा उसके घर में घुस आया और झगड़ा करते हुए गंदी नीयत से छेड़खानी और मारपीट की। शोर सुनकर पीड़िता के पति और पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया।

महिला की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में बीएनएस की धारा 331(4), 200, 115(2), 76 और 74 के तहत मामला दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने प्रार्थिया और गवाहों के बयान दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह फरार था।

इसी दौरान 15 मार्च को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट और घर में घुसकर अपराध करने वाले आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई कर रही है। ऐसे मामलों में आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article