ओडिशा के कटक स्थित SCB Medical College and Hospital में ओडिशा के स्थित में सोमवार तड़के एक भीषण हादसा हो गया। अस्पताल के ट्रॉमा केयर यूनिट के ICU में आग लगने से 10 मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 3 बजे अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित ट्रॉमा केयर इमरजेंसी विभाग के ICU में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और स्टाफ तुरंत हरकत में आ गए। सबसे पहले अस्पताल के फायर सेफ्टी विभाग ने आग बुझाने की कोशिश शुरू की। इसके बाद बाहर से फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, आग की चपेट में आने से ICU में भर्ती कई मरीजों का दम घुट गया। कुछ मरीजों की मौत उन्हें दूसरे वार्ड में शिफ्ट करने के दौरान हो गई। इस हादसे में 10 मरीजों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 5 मरीजों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
इस दौरान कुछ अस्पताल कर्मियों को भी चोटें आई हैं, हालांकि घायलों की सटीक संख्या अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।