कोरबा, 15 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत “ऑपरेशन शांति” के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई की गई है। इस अभियान के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे 85 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 33 स्थायी वारंटी भी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे।

निर्देशों के पालन में 15 मार्च 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर कार्रवाई की गई। इस दौरान 52 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 85 वारंटियों को पकड़कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे थे।
वहीं, वार्ड क्रमांक 11 के नागरिकों की शिकायत पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने के मामले में सोमू तिवारी और छोटका प्रजापति के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की जा रही है और जिले में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

