Vedant Samachar

आज जारी होगी पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त, करोड़ों किसानों के खातों में आएगी राशि

Vedant samachar
2 Min Read

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इस किस्त की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से सीधे लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत देशभर के करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इससे पहले योजना की 21वीं किस्त 19 नवंबर 2025 को तमिलनाडु के कोयंबटूर में जारी की गई थी। उस समय 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई थी।

वहीं अगस्त 2025 में जारी 20वीं किस्त के दौरान लगभग 9.8 करोड़ किसानों को लाभ मिला था, जिनमें 2.4 करोड़ महिला किसान भी शामिल थीं। इस योजना का उद्देश्य किसानों को खेती के लिए आवश्यक बीज, खाद और अन्य कृषि सामग्री खरीदने में सहायता प्रदान करना है, ताकि वे बेहतर ढंग से फसल की देखभाल कर सकें और अनौपचारिक कर्ज पर उनकी निर्भरता कम हो।

पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार ने पीएम किसान योजना के तहत पंजीयन और सत्यापन प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाने के लिए डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है। फरवरी 2020 में लॉन्च किए गए पीएम-किसान मोबाइल ऐप के माध्यम से किसान स्वयं पंजीकरण कर सकते हैं, किस्त की स्थिति देख सकते हैं और ई-केवाईसी की प्रक्रिया भी पूरी कर सकते हैं।

गौरतलब है कि 24 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ने अपने सात वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर योजना से जुड़ी जानकारी और उपलब्धियों को आधिकारिक पीएम-किसान सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से साझा किया गया।

Share This Article