धमतरी, 07 मार्च (वेदांत समाचार)। धमतरी पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टिकरापारा क्षेत्र में संचालित देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन, दवाइयाँ सहित कुल 14 हजार 827 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 मार्च 2026 को नगर पुलिस अधीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि टिकरापारा वार्ड में शासकीय जिला अस्पताल धमतरी के पीछे स्थित पंकज गौतम के मकान में अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद थाना सिटी कोतवाली धमतरी की टीम ने गवाहों और पांईटर के साथ मौके पर दबिश दी। रेड कार्रवाई के दौरान मकान के अंदर दो युवक और दो युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुशील गिलहरे (38) निवासी साल्हेवार पारा धमतरी, खुमान साहू (40) निवासी कर्मा चौक धमतरी और लोचन देवांगन (32) निवासी रामपुर वार्ड धमतरी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, मोबाइल फोन, दवाइयाँ (जैगोर-100, मैनफोर्स), कंडोम तथा फोन-पे ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट सहित कुल 14,827 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुशील गिलहरे ने मकान किराए पर लेकर महिलाओं को पैसों का लालच देकर तथा उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा था। मामले में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

