गौरेला,06 मार्च (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के गौरेला स्थित मंगली बाजार क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अज्ञात व्यक्ति ने भाजपा नेता और पेशे से वकील आशुतोष मिश्रा के घर के मुख्य दरवाजे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घर में धुआं फैलने से परिवार के लोग जाग गए और तुरंत पानी डालकर आग बुझा दी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार मंगली बाजार में रहने वाले भाजपा नेता एवं अधिवक्ता आशुतोष मिश्रा के घर के बाहर देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटें उठती देख घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्यों को घटना का पता चला। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। शोर सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे और सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।
इस घटना में घर का मुख्य दरवाजा, चौखट और दरवाजे पर लगा पर्दा जलकर खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में भाजपा नेता और उनके परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि घर के पास वाले कमरे में एक बाइक भी खड़ी थी। अगर आग बाइक तक पहुंच जाती तो उसमें मौजूद पेट्रोल के कारण आग और तेजी से फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच में एक व्यक्ति घर के दरवाजे पर पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए दिखाई दिया। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं घर के चबूतरे में पत्थर के नीचे एक धमकी भरा पत्र मिलने की भी जानकारी सामने आई है, जिससे मामले को लेकर और भी गंभीरता बढ़ गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी ने वकील आशुतोष मिश्रा और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश क्यों की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते परिवार के लोग नहीं जागते तो यह घटना बड़ा हादसा बन सकती थी।

