Vedant Samachar

कॉन्स्टेबल की वर्दी फाड़ी, महिला आरक्षक संग धक्का-मुक्की बदमाशों ने पुलिस-पार्टी पर हमला किया, एक्सीडेंटल कार जब्त करने पर विवाद…

Vedant Samachar
4 Min Read

बिलासपुर,06मार्च (वेदांत समाचार)।बिलासपुर में होली के दिन ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम पर हमला हुआ। बीच सड़क पर कार से एक्सीडेंट करने वाले युवक को पकड़ने और गाड़ी जब्त करने को लेकर बदमाशों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की।

इस घटना में एक कॉन्स्टेबल घायल हो गया। जबकि दूसरे कॉन्स्टेबल की वर्दी फाड़ दी गई। टीआई की कलाई पर भी चोट आई है। इसके अलावा बदमाशों ने महिला कॉन्स्टेबल के साथ भी धक्का-मुक्की की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

इस मामले में पुलिस का कहना है कि कार सवार ने दोस्तों को बुलाकर टीम के साथ मारपीट की और सरकारी काम में बाधा डाला। 8 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जिसकी तलाश जारी है। मामला बिल्हा थाना क्षेत्र का है। दरअसल, 4 मार्च को होली ड्यूटी के दौरान पेंडरवा का रहने वाला जलेश्वर साहू शिकायत लेकर थाने पहुंचा था। इसी दौरान उनकी बेटी ने सूचना दी कि कुछ लोग शराब के नशे में उनके घर के पास आकर गाली-गलौज कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अवनीश पासवान पेट्रोलिंग टीम के साथ ग्राम पेंडरवा के लिए रवाना हुए। रास्ते में ग्राम निपनिया पीपल चौक के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार (CG 10 N 2288) डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।

पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से कार को सड़क से हटवाया। इसके बाद ड्राइवर और गाड़ी को थाने ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान जावेद, अजिम, कार्तिक श्रीवास और पप्पू वहां पहुंचे और पुलिसकर्मियों से विवाद करने लगे।

विवाद के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों श्याम बंसल, राहुल बंसल और यश बंसल को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर पुलिसकर्मियों से बदतमीजी की, अश्लील गाली-गलौज की और सरकारी काम में बाधा डालते हुए मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों की संख्या अधिक होने के कारण टीआई अवनीश पासवान उन्हें समझाकर शांत कराने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन शराब के नशे में आरोपियों ने उन्हें भी घेर लिया और झूमाझटकी शुरू कर दी। जिससे उनकी कलाई में चोट आ गई।

हंगामे के दौरान आरोपियों ने कॉन्स्टेबल मौसम साहू की वर्दी फाड़ दी। वहीं लेडी कॉन्स्टेबल चंदा यादव के साथ धक्का-मुक्की की गई। मारपीट में कॉन्स्टेबल संतोष मरकाम घायल हो गए। बाद में किसी तरह पुलिस टीम मौके से निकल पाई।

इस मामले में TI अवनीश पासवान ने बताया कि जावेद, अजिम, श्याम बंसल, राहुल बंसल, यश बंसल, कार्तिक श्रीवास और पप्पू सहित अन्य साथियों के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 121(1), 132, 191(2), 221, 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है।

Share This Article