रायगढ़,05मार्च (वेदांत समाचार)। जिले में डीजल चोरी और लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में खड़े हाईवा वाहनों से डीजल चोरी करने के साथ ही चालक से मारपीट कर नगदी लूट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, 170 लीटर डीजल, नगदी और हथियारनुमा सामान जब्त किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना तमनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह का पर्दाफाश किया। मामले में थाना तमनार में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार हाईवा चालक मुकेश यादव (33) निवासी ग्राम धनवाही थाना इंदवार जिला उमरिया (मध्यप्रदेश) ने 3 मार्च को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में हाईवा चालक का कार्य करता है। 2 मार्च की रात वह अपने हाईवा क्रमांक CG 10 BK 9082 को साइडिंग में खड़ा कर वाहन में ही सो रहा था। वहां पांच अन्य हाईवा भी खड़े थे, जिनके चालक होली मनाने अपने-अपने घर चले गए थे।
रात करीब 3 से 3.30 बजे के बीच उसे वाहन से आवाज सुनाई दी। नीचे उतरकर देखने पर तीन अज्ञात व्यक्ति उसके हाईवा से डीजल चोरी करते दिखाई दिए। चालक के चिल्लाने पर आरोपी डीजल का डिब्बा लेकर भागने लगे। कुछ दूरी पर जाकर दो आरोपी वापस लौटे और चालक से मोबाइल और पैसे की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर चालक की जेब में रखे 200 और 100 रुपये के कुल 500 रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपी वहां खड़े अन्य हाईवा वाहनों से भी डीजल चोरी करने लगे।
डर के कारण चालक वहां से भागकर मोबाइल के जरिए वाहन मालिक को घटना की जानकारी दी। आरोपियों द्वारा लगभग 175 लीटर डीजल चोरी कर सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन से सराईडीपा की ओर भागने की जानकारी मिली। चोरी किए गए डीजल की अनुमानित कीमत करीब 16 हजार 500 रुपये बताई गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पीड़ित चालक, स्थानीय ग्रामीणों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों कैलाश दास मंहत, गोविंद सिदार और सुनील यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर सुनील यादव के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 13 AZ 2647, एक प्लास्टिक गैलन में 50 लीटर डीजल और चार प्लास्टिक गैलन में 30-30 लीटर डीजल सहित कुल 170 लीटर डीजल जब्त किया। वहीं आरोपी कैलाश दास मंहत से 500 रुपये नगद और बांस का डंडा तथा गोविंद सिदार से लोहे का रॉड और प्लास्टिक पाइप बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश दास मंहत (30), गोविंद सिदार (24) और सुनील यादव (28) निवासी ग्राम चितवाही थाना तमनार जिला रायगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को लूट के मामले में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, सहायक उप निरीक्षक सुरीत सिंदार, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, पुष्पेंद्र सिदार और शशिभूषण उरांव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि रायगढ़ जिले में चोरी, लूटपाट और डीजल चोरी जैसी संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। औद्योगिक क्षेत्रों और परिवहन से जुड़े स्थानों पर ऐसे अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

