बालोद,05मार्च (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। डौंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत राम जानकी मंदिर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सामसाय मसियारे (उम्र 55 वर्ष), निवासी ग्राम परसोदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सामसाय अपनी मोपेड पर मथाई चौक से डौंडी की ओर आ रहे थे, तभी दल्लीराजहरा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सामसाय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद आक्रोशित लोगों ने डौंडी के राम जानकी मंदिर के पास शव को सड़क पर रखकर भानुप्रतापपुर-बालोद-राजनांदगांव मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है।
पिछले एक घंटे से अधिक समय से जारी इस चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर सैकड़ों मालवाहक और यात्री वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए डौंडी पुलिस के साथ-साथ एसडीएम और तहसीलदार भी मौके पर पहुंच चुके हैं, लेकिन ग्रामीण उचित मुआवजे और सुरक्षा मानकों की मांग पर अड़े हुए हैं। इस बीच, घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना की भयावहता साफ देखी जा सकती है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

