Vedant Samachar

सुबह उठते ही मोबाइल देखने की आदत बन सकती है डिजिटल स्ट्रेस की वजह, शरीर को ऐसे होता है नुकसान

Vedant Samachar
4 Min Read

सोशल मीडिया की लत के इस दौर में कई लोगों को सुबह उठते ही फोन देखने की आदत होती है. लोग सबसे पहले व्हाट्सएप चेक करते हैं और इसके बाद सोशल मीडिया या न्यूज चेक करने लगते हैं. ये आदत ऐसी है कि इसमें कई मिनट से लेकर कुछ लोग आधा घंटा तक खर्च कर देते हैं. लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि सुबह उठते ही मोबाइल देखने की यह आदत धीरे-धीरे आपकी सेहत को बिगाड़ रही है. इसका सीधा असर हार्मोन लेवल से लेकर दिमाग तक हो रहा है.

दिल्ली में जीबी पंत अस्पताल में न्यूरोसर्जरी विभाग के पूर्व एचओडी डॉ. दलजीत सिंह बताते हैं कि सुबह का समय ब्रेन के लिए ऐसा होता है जिसमें आपको कुछ अच्छी एक्टिविटी करनी चाहिए. जैसे सुबह उठते ही पहले कुछ मिनट आराम से बैठें और गहरी सांस लें. इससे ब्रेन काफी अच्छा महसूस करता है और खुद को दिनभर की गतिविधियों के लिए तैयार करता है, लेकिन अगर हम सुबह उठते ही लगातार मोबाइल स्क्रीन देखते हैं और लोगों के संदेश से लेकर सोशल मीडिया स्क्रॉल करते हैं तो दिमाग पर अचानक सूचना का दबाव पड़ता है.

फोन का यूज सेहत को कैसे बिगाड़ता है
डॉ. दलजीत सिंह कहते हैं कि अगर कोई व्यक्ति सुबह उठते ही सबसे पहले फोन यूज करता है तो इससे ब्रेन पर अलग- अलग जानकारी का प्रेशर होता है. कई मामलों में कुछ संदेश चिंताजनक होते हैं. कुछ खबरें भी चिंता बढ़ाने वाली होती हैं. इस वजह से शरीर में कॉर्टिसोल हार्मोन का लेवल बढ़ने लगता है. इससे सुबह उठते ही व्यक्ति मानसिक तनाव की स्थिति में जाने लगता है.

डॉ सिंह के मुताबिक, कई बार ऐसा भी होता है कि सोशल मीडिया पर लोग अपनी अच्छी फोटोज और अपनी सफलता की चीजें डालते हैं इससे मन में तुलना और चिंता की भावना बढ़ जाती है. यही स्थिति धीरे-धीरे स्ट्रेस का कारण बनती है. ये स्ट्रेस डिजिटल से होता है तो इसको डिजिडल स्ट्रेस कहते हैं.

आंखों पर भी हो रहा असर
डॉ. सिंह कहते हैं कि फोन का इतना यूज करने से सिर में माथे की तरफ दर्द से लेकर लोगों की आंखों पर भी असर हो रहा है. आंखों से पानी आना, आंखों में दर्द होना जैसे मामले भी काफी बढ़ रहे हैं. फोन का एक बड़ा असर नींद पर भी पड़ रहा है. लोग रातभर फोन यूज करते हैं और इस कारण उनकी नींद पूरी नहीं हो पाती है.

इस आदत से दूरी कैसे बनाएं
सुबह उठने के बाद कम से कम 15 से 20 मिनट तक मोबाइल का यूज न करें. हां, अगर किसी का फोन आ रहा है तो उसको सुन लें, लेकिन सोशल मीडिया के यूज के लिए फोन को सुबह न देखें. इसकी जगह हल्की स्ट्रेचिंग पानी पीने जैसी आदतें अपनाई जा सकती हैं. इससे दिन की शुरुआत अच्छी रहती है.

Share This Article