Vedant Samachar

क्या न्याय सबके लिए बराबर है? सोनी सब के पुष्पा इम्पॉसिबल में पुष्पा ने किया ताकत और प्रभाव का सामना

Vedant samachar
3 Min Read

मुंबई, 05 मार्च 2026: सोनी सब का शो पुष्पा इम्पॉसिबल एक प्रेरणादायक कहानी है पुष्पा (करुणा पांडे) की। पुष्पा एक दृढ़ और आत्मनिर्भर महिला है, जो हर चुनौती से ऊपर उठती है। गृहिणी से लेकर वकील तक का सफर तय करने वाली पुष्पा अपने मूल्यों पर अडिग रहती है और हमेशा सही के लिए खड़ी होती है। अब कहानी एक रोमांचक मोड़ ले रही है, जब कोर्टरूम ड्रामा ताकत, विशेषाधिकार और न्याय पर सवाल उठाता है। शनाया (मुस्कान बामने) उस हादसे के केंद्र में है, जो पन्नू की मौत का कारण बना और केस प्रभाव बनाम जवाबदेही की जंग बन जाता है।

आने वाले एपिसोड्स में शनाया एक गंभीर कानूनी लड़ाई में फंस जाती है, जब उसकी लापरवाही से पुष्पा की बहू, प्रार्थना की ज़िंदगी खत्म हो जाती है। केस तेज़ी पकड़ते ही शनाया के पिता शांतनु (सप्तर्षि घोष) अपनी बेटी को बचाने के लिए हर संभव कोशिश करते हैं। अपने प्रभाव और संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए वे केस को तेज़ी से आगे बढ़ाने और कहानी को अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश करते हैं। शनाया को सख्त सज़ा से बचाने के लिए वे हर कानूनी रास्ता तलाशते हैं, ताकि केस कमजोर हो सके। लेकिन, पुष्पा किसी दबाव या डर के आगे झुकने से इंकार करती है। जहाँ शांतनु सिस्टम को अपने हिसाब से मोड़ने की कोशिश करते हैं, वहीं पुष्पा इस विश्वास पर अडिग रहती है कि न्याय को पैसे या ताकत से प्रभावित नहीं किया जा सकता। कोर्टरूम के अंदर और बाहर तनाव बढ़ता जाता है और विशेषाधिकार बनाम सिद्धांत की लड़ाई और तीव्र हो जाती है। शनाया का भविष्य अधर में लटक जाता है।

क्या शनाया अपने किए की सज़ा से बच पाएगी या पुष्पा उसे जिम्मेदार ठहराने में सफल होगी?

करुणा पांडे, जो शो में पुष्पा का किरदार निभा रही हैं, कहती हैं, “कहानी का यह दौर बहुत वास्तविक लगता है, क्योंकि यह ताकत, प्रभाव और जवाबदेही की बात करता है। एक कलाकार के तौर पर ऐसे सीन करना काफी दिलचस्प होता है, जहाँ कोर्टरूम सिर्फ कानून का नहीं, बल्कि भावनाओं और मूल्यों का भी मंच बन जाता है। मुझे सबसे खास यह लगता है कि कहानी यह सवाल उठाती है कि क्या न्याय सच में सबके लिए बराबर है? मुझे लगता है दर्शक इस तनाव और शो के बड़े संदेश से गहराई से जुड़ेंगे।”

देखिए पुष्पा इम्पॉसिबल, हर सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे, सिर्फ सोनी सब पर।

Share This Article