Vedant Samachar

सोनी सब के ‘इत्ती सी खुशी’ में होली सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान ऋषि सक्सेना के ‘नागिन डांस’ ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा

Vedant samachar
3 Min Read

मुंबई, 05 मार्च 2026: सोनी सब का शो इत्ती सी खुशी अपनी दिल छू लेने वाली कहानी और ज़िंदगी से जुड़ी गर्माहट के साथ दर्शकों के दिलों में लगातार जगह बना रहा है। खोताचिवाड़ी की रंगीन गलियों में आगे बढ़ती कहानी अब होली के सीक्वेंस के साथ रंग, शोर, भावनाओं और परिवार के भीतर छिपे तनावों का खूबसूरत संगम पेश करने वाली है। यहाँ की होली सिर्फ एक त्यौहार ही नहीं, बल्कि रिश्तों और भावनाओं का आईना बन जाती है। अन्विता (सुम्बुल तौकीर खान) के लिए होली ज़िंदगी की छोटी-छोटी खुशियों की याद दिलाने का नाम है। लेकिन, जैसे ही रंग उड़ते हैं और पूरा मोहल्ला जश्न में डूब जाता है, अन्विता, विराट (रजत वर्मा) और संजय (ऋषि सक्सेना) के बीच छिपी भावनाएँ सामने आने लगती हैं।


इसी बीच खोताचिवाड़ी की होली का माहौल अचानक मज़ेदार मोड़ लेता है। रंगों की बौछार और ढोल की गूँज के बीच संजय सबको चौंकाते हुए बीच मोहल्ले में बिंदास नागिन डांस करने लगते हैं। उनके ड्रामेटिक फ्लोर मूव्स और ओवर-द-टॉप एक्सप्रेशंस देखकर पूरा मोहल्ला इकट्ठा हो जाता है और तालियाँ बजाते हुए इस नज़ारे का मज़ा लेता है। यह पल न सिर्फ होली ट्रैक में मस्ती का तड़का लगाता है, बल्कि शो इत्ती सी खुशी की असली पहचान बेफिक्र और दिल से जीने वाली भावना को भी खूबसूरती से प्रदर्शित करता है।


अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए, ऋषि सक्सेना कहते हैं, “यह पहली बार नहीं है, जब मैंने सेट पर होली का सीक्वेंस शूट किया हो, लेकिन यह सबसे यादगार रहा। हर शो इसे अलग तरीके से दिखाता है, लेकिन इस बार जो खास था, वह इसकी ऑर्गेनिक और खोताचिवाड़ी की दुनिया से जुड़ी हुई फीलिंग थी। लोग संजय को आमतौर पर शांत और भावनात्मक रूप से गहरे किरदार के रूप में देखते हैं, इसलिए बीच मोहल्ले में फुल-ऑन नागिन डांस करना सबके लिए सरप्राइज था और मेरे लिए बेहद मज़ेदार। ऑन-स्क्रीन त्यौहार आपको थोड़ा खुलकर जीने का मौका देते हैं और मुझे उस पागलपन में डूबना बहुत अच्छा लगा। शूटिंग के दौरान माहौल इतना जीवंत था कि यह काम कम और असली होली का जश्न ज़्यादा लग रहा था।”

देखिए इत्ती सी खुशी, हर सोमवार से शनिवार रात 9 बजे, सिर्फ सोनी सब पर।

Share This Article