Vedant Samachar

इंस्पायर अवॉर्ड मानक की राष्ट्रीय प्रदर्शनी के लिए केंद्रीय विद्यालय NTPC क्रमांक-2 कोरबा के दो छात्रों का चयन

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा,05 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले के केंद्रीय विद्यालय NTPC क्रमांक-2 के लिए गर्व की बात है कि विद्यालय के दो होनहार छात्रों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली इंस्पायर अवॉर्ड – मानक प्रदर्शनी के लिए हुआ है। चयनित छात्रों में ओम साहू और ओजस्वी गुप्ता शामिल हैं। इन दोनों विद्यार्थियों के चयन से विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।

इंस्पायर अवॉर्ड – मानक कार्यक्रम हर वर्ष राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान (NIF) – भारत द्वारा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के अधीन आयोजित किया जाता है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर पढ़ने वाले छात्रों में नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना है, ताकि वे अपने आसपास की सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए रचनात्मक और उपयोगी मॉडल तैयार कर सकें।

इस प्रतियोगिता के तहत देशभर के विद्यालयों के छात्र अपने अभिनव विचारों और मॉडल की रूपरेखा अपने विद्यालय के माध्यम से इंस्पायर अवॉर्ड – मानक पोर्टल पर प्रस्तुत करते हैं। चयनित होने के बाद विद्यार्थियों को अपने विचार के आधार पर मॉडल तैयार करने का अवसर मिलता है, जिसे राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाता है। इस मंच के माध्यम से छात्रों को विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

केंद्रीय विद्यालय NTPC क्रमांक-2 के छात्रों ओम साहू और ओजस्वी गुप्ता के चयन से विद्यालय की शैक्षणिक और नवाचार गतिविधियों को भी नई पहचान मिली है। दोनों छात्रों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच के माध्यम से ऐसा नवाचार प्रस्तुत किया, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार साहू ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों विद्यार्थियों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय के लिए गर्व का क्षण है और अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। प्राचार्य ने चयनित छात्रों को मेहनत और लगन के साथ अपने मॉडल को बेहतर तरीके से तैयार करने तथा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई और चयनित दोनों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने उम्मीद जताई कि दोनों छात्र राष्ट्रीय मंच पर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे।

Share This Article