0.कबीर नगर क्षेत्र में पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 14.41 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त
रायपुर, 04 मार्च (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 28.621 किलोग्राम गांजा के साथ उत्तर प्रदेश के एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा के साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जब्त मादक पदार्थ और मोबाइल की कुल कीमत लगभग 14,41,050 रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट रायपुर, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि कबीर नगर थाना क्षेत्र के सीतानगर गोगांव रोड स्थित अविनाश आशियाना के पीछे भाठा के पास एक व्यक्ति बैग में गांजा रखकर बिक्री करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अविनाश अग्रहरी (निवासी जिला रायबरेली, उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर उसके ट्रॉली बैग और अन्य बैग से 28.621 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
इस मामले में कबीर नगर थाना में अपराध क्रमांक 60/26 धारा 20 (सी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने गांजा तस्करी के 16 मामलों में 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में कुल 185.002 किलोग्राम गांजा, 2,05,700 रुपये नगद, 2 चारपहिया वाहन और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.05 करोड़ रुपये है।
