रायपुर। राजधानी रायपुर में होली का त्योहार पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने भी पुलिस जवानों के साथ होली खेलकर उन्हें बधाई दी और रंगों के इस पर्व की खुशियां साझा कीं।
शहर में सुबह से ही होली की खुमारी देखने को मिल रही है। छोटे-छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक सभी एक-दूसरे को रंग, गुलाल और कलर लगाकर त्योहार का आनंद ले रहे हैं। गली-मोहल्लों में डीजे की धुन और नगाड़ों की थाप पर लोग जमकर होली मना रहे हैं।
लोग एक-दूसरे से गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं। रंगों के इस उत्सव के बीच युवा सोशल मीडिया पर भी सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे सेल्फी और ग्रुप फोटो लेकर अपने दोस्तों और परिवार के साथ होली के पलों को साझा कर रहे हैं। वहीं कई घरों में लोग एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर त्योहार की खुशियां बांट रहे हैं।
शहर के कोटा इलाके में युवकों की टोली घर-घर जाकर होली मना रही है और लोगों को रंग-गुलाल लगाकर बधाई दे रही है।
होली पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए दो दिन पहले रायपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित टाउनहॉल में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में विभिन्न समाजों के प्रमुख नागरिक भी शामिल हुए थे।
प्रशासन ने होली और रमजान को ध्यान में रखते हुए सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।
