कोरबा,04 मार्च (वेदांत समाचार)। होली पर्व से पहले अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए मानिकपुर चौकी पुलिस ने ढेलवाडिह नाला क्षेत्र में दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है।
छापेमारी के दौरान पुलिस को नाले के आसपास जमीन में दबाकर रखे गए करीब 10 बड़े ड्रम महुआ लहान (शराब बनाने का कच्चा माल) मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन और चोरी का कोयला भी जब्त किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी होली के मौके पर अवैध महुआ शराब बनाकर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खपाने की तैयारी में थे। होली के दिन शराब दुकानें बंद रहने के कारण ग्रामीण इलाकों में महुआ शराब की मांग बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाने की योजना बनाई जा रही थी।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दादर निवासी आदित्य राज जांगड़े सहित तीन लोग शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार दादर, ढेलवाडिह और रापाखारा समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध महुआ शराब का कारोबार चलने की शिकायतें मिल रही हैं। इन गतिविधियों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले अवैध महुआ शराब की बिक्री को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत करने पहुंचे थे। इसके बाद आबकारी विभाग ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर कार्रवाई की थी।
