Vedant Samachar

रायगढ़ में होली पर ड्रोन और 400 जवानों के साथ हाई अलर्ट, हुड़दंगियों पर जीरो टॉलरेंस की रणनीति

Vedant samachar
5 Min Read

रायगढ़, 3 मार्च (वेदांत समाचार)। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए Raigarh Police ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिले में पिछले 24 घंटे से पुलिस बल विशेष होली ड्यूटी पर तैनात है और होलिका दहन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अगले 48 घंटों तक पुलिस अलर्ट मोड पर रहेगी और हुड़दंगियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

एसएसपी Shashi Mohan Singh के निर्देशन में पुलिस ने रिस्पॉन्स टाइम को तेज करने के लिए नया मैकेनिज्म तैयार किया है। शहर के सभी थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों और पेट्रोलिंग टीमों को जोड़कर विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। इस ग्रुप में ड्रोन कैमरों और शहर के सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड तथा पेट्रोलिंग यूनिट्स की लाइव लोकेशन साझा की जाएगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में निकटतम टीम तुरंत मौके पर पहुंच सके।

एसएसपी ने मंगलवार सुबह 11 बजे पुलिस कार्यालय से जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की वर्चुअल बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। देहात क्षेत्रों के विस्तृत दायरे को देखते हुए कम्युनिकेशन सिस्टम को मजबूत करने और समीपस्थ थानों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

शहर की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा को सौंपी गई है। शहर में 16 चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं, जहां ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली, चक्रधरनगर, जूटमिल और कोतरारोड़ क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। बाइकर्स गैंग के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली, चक्रधरनगर, जूटमिल, कोतरारोड़ और खरसिया क्षेत्र में 5 ड्रोन से निगरानी की जा रही है। शहर में 27 पेट्रोलिंग यूनिट सक्रिय हैं और उनकी लाइव लोकेशन मॉनिटर की जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम में विशेष मॉनिटरिंग रूम बनाया गया है, जहां विशेषज्ञ टीम ड्रोन और सीसीटीवी फुटेज की रियल टाइम निगरानी कर रही है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम आपत्तिजनक, भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट पर कड़ी नजर रखे हुए है और आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा प्रबंधन के तहत शहर के चार थाना क्षेत्रों में 27 पेट्रोलिंग, 16 चेकिंग पॉइंट और कई फिक्स पिकेट स्थापित किए गए हैं। कोतवाली क्षेत्र में 24, कोतरारोड़ में 12 तथा जूटमिल और चक्रधरनगर में 10-10 फिक्स पिकेट लगाए गए हैं। एडी स्क्वॉड की टीम भी लगातार सक्रिय रहेगी। साइबर थाना और महिला थाना की टीम सादी वर्दी में तैनात रहकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेगी और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करेगी।

होली के दौरान जिले में उपलब्ध पुलिस बल के साथ छठवीं बटालियन और मैनपाट बटालियन से प्राप्त अतिरिक्त बल सहित लगभग 400 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। ड्यूटी पर तैनात जवानों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नदी, डेम और अन्य वाटर एरिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा प्रशिक्षित होमगार्ड गोताखोर तैनात रहेंगे। होली के दिन गार्डन बंद रहेंगे और शहर सहित आउटर क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी।

शाम को सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि होली के दौरान गुंडागर्दी, हुड़दंग, छेड़छाड़, शराब पीकर वाहन चलाना या शांति भंग करने की कोशिश किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि त्योहार की आड़ में कानून तोड़ने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ी तो होली जेल में भी मनानी पड़ सकती है।

Share This Article