Vedant Samachar

रोहित-विराट का प्लान-2027, इस तारीख को करेंगे कमबैक, खेलेंगे इतने वनडे मैच

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,03मार्च : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद भारतीय क्रिकेट टीम का ध्यान पूरी तरह 50 ओवर के फॉर्मेट पर शिफ्ट होने वाला है. भारतीय क्रिकेट के दो बड़े सितारे रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, लेकिन वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए अभी भी वनडे फॉर्मेट में हिस्सा बने हुए हैं. आईपीएल 2026 के बाद टीम इंडिया वनडे वर्ल्ड कप की रणनीति पर काम शुरू करेगी, जिसकी शुरुआत अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली वनडे सीरीज के साथ होगी.

रोहित-विराट का प्लान-2027
अफगानिस्तान के भारत दौरे पर एक टेस्ट मैच के साथ तीन वनडे मैच खेले जाएंगे. वनडे सीरीज से रोहित और विराट एक बार फिर टीम इंडिया की जर्सी में नजर आएंगे. यह सीरीज उनके लिए काफी होगी, क्योंकि यह 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी का पहला बड़ा कदम है. सीरीज का पहला मैच 14 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा. फिर 17 जून को लखनऊ और 20 जून को चेन्नई में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी. ये इन दोनों देशों के बीच पहली वनडे सीरीज भी होगी.

रोहित-विराट के पास 12 और मौके
इस सीरीज के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली के पास 2026 में कुल 12 वनडे मैच और खेलने का मौका रहेगा. जुलाई में टीम इंडिया को इंग्लैंड का दौरा करना है, जहां 3 वनडे मैच खेले जाएंगे. ये मैच 14 से 19 जुलाई के बीच होंगे. फिर टीम इंडिया को अक्टूबर 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलनी है. दोनों टीमों के बीच इस दौरान 3 वनडे मैच खेले जाएंगे.

वहीं, अक्टूबर-नवंबर में टीम इंडिया न्यूजीलैंड का दौरा करेगी, इस दौरान भी 3 वनडे मैच खेले जाएंगे. फिर साल के अंत में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलेगी. इस दौरान भी 3 वनडे मैच होंगे. यानी ये कुल 15 मैच रोहित शर्मा और विराट कोहली का फ्यूचर तय करने वाले भी रहने वाले हैं. ये दोनों खिलाड़ी वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं इस पर बीसीसीआई ने एक बार भी खुलकर अपनी बात नहीं रखी है. ऐसे में इन दिग्गजों के पास खुद की फिटनेस और फॉर्म को साबित करने का बड़ा मौका होगा.

Share This Article