सूरजपुर,03मार्च (वेदांत समाचार)। जिले के प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत धोंधा गांव में आयोजित कृषि महाविद्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उस समय बड़ा बवाल खड़ा हो गया, जब मंच पर ही भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। तीखी बहस के बाद मामला लात-घूंसे तक पहुंच गया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम और प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते की मौजूदगी में यह घटनाक्रम हुआ, जिसने पूरे आयोजन की गरिमा को झकझोर कर रख दिया। धोंधा गांव में कृषि महाविद्यालय के भूमि पूजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल था। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। मंच पर स्थानीय एवं प्रदेश स्तरीय नेताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम शुरू हुआ। इसी दौरान वर्तमान मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल और प्रदेश पदाधिकारी अनुप गुप्ता के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और मंच पर ही धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान इस कार्यक्रम में खुलकर सामने आ गई। पहले तीखी बहस हुई, फिर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला और अंततः मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मंच पर मौजूद अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को बीच-बचाव के लिए आगे आना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया, लेकिन तब तक कार्यक्रम की छवि पर असर पड़ चुका था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम कृषि मंत्री रामविचार नेताम और विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते की मौजूदगी में हुआ। अचानक हुए हंगामे से मंच पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्यक्रम को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। बाद में वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य करने की कोशिश की गई और कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।
