कोरबा, 02 मार्च (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश कंवर के रूप में हुई है, जो दर्री सीएसईबी कॉलोनी का निवासी था। उसके पिता जगदीश कंवर सीएसईबी में कर्मचारी हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सीएसईबी मिनी हाइडल पावर प्लांट के पास हुआ। मुकेश कंवर अपनी ओला स्कूटी से दर्री कॉलोनी से कोरबा की ओर जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। सड़क किनारे झाड़ियों में उसकी स्कूटी गिरी हुई मिली, जबकि युवक का शव कुछ दूरी पर झाड़ियों में पड़ा मिला।
राहगीरों की नजर जब घायल युवक पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए एनटीपीसी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है, जिसमें किसी भारी वाहन की टक्कर से युवक को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। शव को एनटीपीसी अस्पताल की मर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया था, जिसे बाद में पोस्टमार्टम के लिए कटघोरा अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि मुकेश कंवर दर्री स्थित एक निजी पावर प्लांट कंपनी में कार्यरत था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। अचानक हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं।
दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही संभावित वाहन की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
