Vedant Samachar

कोरबा में होली-रमज़ान ईद को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, 200 से अधिक जवानों ने संभाला मोर्चा

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 02 मार्च (वेदांत समाचार)। होली एवं रमज़ान ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने जिलेभर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित किया गया।

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में जिला मुख्यालय और सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल ने मार्च किया।

जिला मुख्यालय में फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए कोसाबाड़ी क्षेत्र तक निकाला गया। मार्च में 200 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए। इस दौरान आम नागरिकों में सुरक्षा का संदेश दिया गया, वहीं असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी भी दी गई।

इसी तरह कटघोरा, दर्री, करतला, पाली, बांगो और दीपका क्षेत्रों में भी पुलिस ने गली-मोहल्लों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल और वाहन रैली निकालकर लोगों से शांतिपूर्वक पर्व मनाने की अपील की। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से होली और रमज़ान ईद के दौरान भाईचारा बनाए रखने का संदेश प्रसारित किया गया।

एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्वक त्योहार मनाने वालों के साथ पुलिस मित्रवत व्यवहार करेगी, लेकिन हुड़दंग करने, जबरन रंग लगाने, नशे की हालत में वाहन चलाने या कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाकर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Share This Article