Vedant Samachar

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालक मुकेश अग्रवाल गिरफ्तार

Vedant samachar
3 Min Read
Oplus_16908288

रायगढ़, 2 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और जुए के अवैध कारोबार पर लगातार शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। थाना खरसिया पुलिस ने भारत-वेस्टइंडीज क्रिकेट मैच पर मोबाइल एप के जरिए सट्टा संचालित कर रहे सट्टा खाईवाल मुकेश अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी से मोबाइल फोन और सट्टा रकम जब्त की गई है, जबकि उसके पार्टनर को भी नामजद कर उसकी तलाश की जा रही है।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छोटे मुड़पार क्षेत्र में एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से क्रिकेट मैच में रुपए-पैसे का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई उमाशंकर धृतांत और पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

दबिश के दौरान मुकेश अग्रवाल भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे मैच में मोबाइल फोन के जरिए सट्टा लगाने वालों से संपर्क कर दांव दर्ज करते पाया गया। पुलिस ने आरोपी मुकेश अग्रवाल (30 वर्ष), निवासी कानाकोट थाना डभरा जिला सक्ती को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से विवो कंपनी का एंड्रायड मोबाइल जब्त किया गया, जिसमें क्रोम एप पर एक लिंक और पासवर्ड के माध्यम से सट्टा का अंक और रकम दर्ज मिली। इसके साथ ही 4,000 रुपये की सट्टा रकम भी बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पार्टनर सतीश अग्रवाल उर्फ भुडू उसे लिंक और पासवर्ड उपलब्ध कराता था, जिसके माध्यम से वह मैच में दांव लगवाता था। सट्टे में प्राप्त रकम वह फोनपे या नगद के माध्यम से अपने पार्टनर को भेजता था। मामले में थाना खरसिया में मुकेश अग्रवाल और उसके पार्टनर सतीश अग्रवाल उर्फ भुडू के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मुकेश अग्रवाल को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि उसके पार्टनर की तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि रायगढ़ जिले में ऑनलाइन सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सट्टा नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के लिए पुलिस की मुहिम आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article