कोरबा,02मार्च (वेदांत समाचार)। होली पर्व के दौरान शहर में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दादर स्थित शराब दुकान के चखना सेंटर में हुई मारपीट की इस घटना में तीन युवक घायल हो गए। मामला मानिकपुरी पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मानिकपुर इलाके के एक भवन में होली इवेंट आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के बाद एक गुट के युवक दादर स्थित शराब दुकान पहुंचे। कुछ देर बाद दूसरा गुट भी वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही फिर से बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़े के दौरान कुछ युवकों ने एक व्यक्ति के सिर पर शराब की खाली बोतल से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुल तीन लोग इस घटना में घायल हुए हैं।
मारपीट की पूरी घटना चखना सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। मानिकपुरी चौकी पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
इधर, होली पर्व को देखते हुए कोरबा पुलिस जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चला रही है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत हाल ही में 67 गिरफ्तारी वारंटी और 30 स्थायी वारंटी सहित कुल 97 वारंटियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि त्योहार के दौरान हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
