जांजगीर-चांपा, 01 मार्च 2026। अस्पताल में भर्ती पति के इलाज के दौरान एक बुजुर्ग महिला को सरकारी सहायता दिलाने का झांसा देकर सोने की माला, नगदी और मोबाइल ठगने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत की सोने की माला बरामद कर ली है। आरोपी के विरुद्ध धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया श्रीमती लक्ष्मीन बाई चंद्रा, निवासी अरसिया थाना जैजैपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 फरवरी 2026 को उन्होंने अपने पति को इलाज के लिए चांपा अस्पताल में भर्ती कराया था। 9 फरवरी की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और खुद को रिश्तेदार बताकर बातचीत करने लगा। उसने महिला के पति को देखने के बाद कहा कि जहर खाने वाले मरीज को शासन की ओर से 6 लाख रुपये की सहायता मिलती है और इसके लिए फॉर्म भरना होगा।
आरोपी महिला को अपने साथ अस्पताल से बाहर ले गया और ऑटो में बैठाकर चांपा स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पास ले गया। वहां उसने फॉर्म भरने के नाम पर महिला से 6,500 रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपी ने महिला से कहा कि वजन और फोटो लेना जरूरी है, इसलिए वह अपने गले की सोने की माला और पर्स निकालकर रख दे। आरोपी महिला से 13 फर वाली सोने की माला, पर्स में रखे 13,500 रुपये और मोबाइल लेकर यह कहकर चला गया कि वह अधिकारी से मिलकर आता है, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी देर इंतजार के बाद महिला ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 55/26 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही की पहचान हरिशंकर उर्फ राहुल डेंसिल के रूप में की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बुजुर्ग महिला को 6 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर सोने की माला, नगदी और मोबाइल ठगने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि उसने मोबाइल फेंक दिया और नगदी खर्च कर दी, जबकि सोने की माला अपने घर में छिपाकर रखी थी। पुलिस ने आरोपी के घर से सोने की माला बरामद कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक बलवंत धृतलहरे, आरक्षक गौरीशंकर राय, मुद्रिका दुबे, प्रकाश द्विवेदी सहित थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
