Vedant Samachar

WI vs SL, Womens T20I: वेस्टइंडीज की टीम 49 रन पर ढेर, फिर भी नहीं हारी मैच

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,01मार्च : West Indies vs Sri Lanka: श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम इस वक्त वेस्टइंडीज के दौरे पर है, जहां 3 मैचों की वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाने के बाद उसने अब T20 सीरीज के पहले मैच में मेजबान टीम को सिर्फ 49 रन पर ढेर कर दिया. हालांकि, 49 रन पर ढेर होने के बाद भी मेजबान वेस्टइंडीज ने मैच नहीं गंवाया. वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच पहला T20 मुकाबला सेंट जॉर्ज में खेला गया.

वेस्टइंडीज का बिगड़ा खेल
श्रीलंका के खिलाफ पहले T20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज की महिला क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी की. मगर उनकी शुरुआत जो एक बार खराब हुई वो फिर पटरी पर ही नहीं लौटी. उसका असर हुआ कि ना तो कैरेबियाई टीम से पूरे 20 ओवर खेले गए और ना ही उनसे स्कोर बोर्ड पर 50 रन भी लगे. श्रीलंका के गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी को बुरी तरह से बिखेर कर रख दिया.

श्रीलंकाई गेंदबाजों ने कसा शिकंजा
श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ वेस्टइंडीज की एक भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी. टीम की सबसे सफल बल्लेबाज कायना जोसेफ रहीं, जिन्होंने 7 रन बनाए तो सोचिए बाकी बल्लेबाजों का क्या हाल रहा होगा. कप्तान हैले मैथ्यूज भी 6 रन से ज्यादा नहीं बना सकी. वेस्टइंडीज की पूरी टीम श्रीलंका की कहर बरपाती गेंदबाजी के आगे सिर्फ 13.3 ओवर में ही सिमट गई.

श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम ने 5 गेंदबाज आजमाए, जिसमें से 4 विकेट लेने में कामयाब रहीं. कविशा दिलहारी को 3 विकेट मिला. वहीं बाकी 3 गेंदबाजों ने 2-2 विकेट झटके.

क्यों नहीं हारी वेस्टइंडीज?
अब सवाल है कि सिर्फ 49 रन बनाने वाली वेस्टइंडीज की टीम हार से कैसे बची? 50 रन के लक्ष्य का पीछा करने श्रीलंका की महिला टीम उतरी तो जरूर मगर अभी उसके स्कोर बोर्ड पर 2.5 ओवर में 7 रन ही जुड़े थे कि उसके बाद मैच में बारिश ने खलल डाल दिया. नतीजा ये हुआ कि आगे का मैच हुआ ही नहीं. जिससे वो रद्द हो गया. मुकाबला रद्द होने से वेस्टइंडीज पर मंडरा रहा हार का खतरा भी टल गया.

Share This Article