कोरबा,01मार्च (वेदांत समाचार)। “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से “बच्चे रहे स्वस्थ” योजना के अंतर्गत स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 28 फरवरी 2026, शनिवार को महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका स्थित पतंजलि चिकित्सालय श्री शिव औषधालय में पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर आयोजित किया गया।
शिविर में नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम के तहत बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन ड्रॉप्स पिलाकर आयुर्वेद पद्धति से टीकाकरण किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि सर्दी के समाप्त होने और गर्मी के आगमन के बीच का समय संधिकाल कहलाता है, जिसमें बाहरी वातावरण के साथ-साथ शरीर के भीतर भी कई परिवर्तन होते हैं। इस दौरान थोड़ी-सी लापरवाही के कारण सर्दी, खांसी, बुखार, उल्टी, अतिसार और चक्कर जैसी समस्याएं होने की आशंका बढ़ जाती है, जिसका प्रभाव विशेष रूप से बच्चों में अधिक देखा जाता है क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कम होती है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार से बच्चों का पाचन तंत्र मजबूत होता है, शरीर की धातुएं पुष्ट होती हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। इससे बच्चे ऋतु परिवर्तन के दौरान होने वाले दुष्प्रभावों से सुरक्षित रहते हैं और उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है।
कार्यक्रम में श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा, नेत्रनंदन साहू, कमल धारिया, अश्वनी बुनकर, सिद्धराम शाहनी, राकेश इस्पात, देवबली कुंभकार तथा पंचकर्म टेक्नीशियन रूबी सहित अन्य सहयोगियों की विशेष उपस्थिति रही और सभी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
