Vedant Samachar

1 मार्च से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा, 31 रुपये तक बढ़े दाम

Vedant samachar
2 Min Read

घरेलू रसोई गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं

नई दिल्ली। देशभर में एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए नए महीने की शुरुआत कीमतों में बढ़ोतरी के साथ हुई है। तेल विपणन कंपनियों ने 1 मार्च 2026 से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 28 से 31 रुपये तक की वृद्धि कर दी है।

नई दरों के अनुसार राजधानी नई दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 1,740.50 रुपये से बढ़कर 1,768.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में यह 1,875.50 रुपये, मुंबई में 1,720.50 रुपये और चेन्नई में 1,929 रुपये निर्धारित की गई है।

बताया जा रहा है कि लगातार तीसरे महीने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इजाफा किया गया है। इससे पहले जनवरी और फरवरी में भी दाम बढ़ाए गए थे। इस वृद्धि का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों पर पड़ सकता है। संभावना जताई जा रही है कि बढ़ी हुई लागत का प्रभाव खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है।

हालांकि आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल पुरानी दरों पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध होगा।

सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी की कीमतों की समीक्षा करती हैं, जिसके आधार पर नई दरें तय की जाती हैं।

Share This Article