रायपुर (ग्रामीण)/खरोरा, 28 फरवरी 2026। ग्राम खरोरा निवासी 27 वर्षीय किशोर सारथी की हत्या के मामले का रायपुर ग्रामीण पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में मृतक की पत्नी सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी को भागवत सारथी (32 वर्ष), निवासी ग्राम खसेरा, थाना खरोरा ने थाने में सूचना दी कि उसके छोटे भाई किशोर सारथी का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने हत्या कर शव को सागौन वाटिका की ओर घसीटकर फेंका है। पोस्टमार्टम और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला हत्या का पाए जाने पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मित्तल के नेतृत्व में थाना खरोरा पुलिस ने मामले की गहन जांच की। जांच के दौरान मृतक की पत्नी से पूछताछ में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस को पता चला कि पत्नी का लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था। इस संबंध की जानकारी मृतक को होने के बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। इससे परेशान होकर पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच ली।
योजना के तहत 27 फरवरी 2026 की रात करीब 9 बजे पत्नी ने अपने पति किशोर सारथी को बहन को ग्राम बिठिया से लाने के बहाने घर से भेज दिया। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपी लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप और उसके दो साथी थार वाहन में मौके पर पहुंचे और ग्राम मात-तिल्दाडीह रोड स्थित सागौन वाटिका के पास किशोर सारथी की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की त्वरित जांच में साजिश का खुलासा हो गया।
पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त थार वाहन को जब्त कर लिया गया है। थाना खरोरा पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से गंभीर हत्या के इस मामले का कुछ ही घंटों में पर्दाफाश हो गया।
