Vedant Samachar

शिवरीनारायण मेला हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी और एक अपचारी बालक गिरफ्तार

Vedant samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा, 28 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले के थाना शिवरीनारायण पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे दो आरोपियों और विधि से संघर्षरत एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, खून लगे कपड़े और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इस मामले में थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 103 (1), 61 (2) बीएनएस के अंतर्गत विधिवत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राहुल चौहान निवासी दर्रा, थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई थी। राहुल चौहान शिवरीनारायण मेला देखने के बाद अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को छिपाने की नीयत से पुरेना तालाब में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलने पर 11 फरवरी 2026 को थाना शिवरीनारायण पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और उप पुलिस अधीक्षक सतरूपा तारम के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने लगातार जांच और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी करन कुर्रे (19 वर्ष 6 माह) निवासी भखराभाठा धरदेई और अनिरुद्ध उर्फ अन्नी कुर्रे (21 वर्ष) निवासी भखराभाठा धरदेई तथा एक अपचारी बालक को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर राहुल चौहान पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या करने और शव को पुरेना तालाब में फेंकने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक रामप्रसाद बघेल, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र टंडन, आरक्षक प्रवीण साहू, शिव कुमार कश्यप, नितिन द्विवेदी, विवेक ठाकुर, बलराम यादव, श्रीकांत सिंह सहित थाना शिवरीनारायण पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Share This Article