Vedant Samachar

KORBA : नाली में अपशिष्ट डालने पर होटल संचालक पर 5000 रुपये जुर्माना, निगम का स्वच्छता महाअभियान जारी

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा, 28 फरवरी 2026 (वेदांत समाचार)। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से 25 फरवरी से लगातार स्वच्छता महाअभियान चलाया जा रहा है। अभियान के चौथे दिन शनिवार को वार्ड क्रमांक 02 पटेलपारा और वार्ड क्रमांक 03 साकेत नगर में मेगा स्वच्छता ड्राइव संचालित की गई। इस दौरान आयुक्त आशुतोष पाण्डेय स्वयं वार्डों में पहुंचे और गली-गली पैदल भ्रमण कर साफ-सफाई कार्यों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को नालियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की पूर्ण सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महापौर संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत नालियों के ऊपर लगे स्लैब हटाकर अंदर तक सफाई की गई। सड़कों के किनारे जमी धूल-मिट्टी, झाड़ियों और कचरे को हटाया गया तथा कचरे का तत्काल उठाव और परिवहन कराया गया। साथ ही क्षेत्र में कीटनाशक दवाओं और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया गया, ताकि स्वच्छता के साथ-साथ बीमारियों की रोकथाम भी सुनिश्चित की जा सके।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वार्डों में घर-घर जाकर रहवासियों से चर्चा की और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने यह भी पूछा कि कचरा संग्रहण वाहन नियमित रूप से पहुंच रहा है या नहीं और लोगों के घरों में डस्टबिन उपलब्ध हैं या नहीं।

इसी दौरान डी.डी.एम. रोड स्थित एक होटल संचालक द्वारा किचन का अपशिष्ट नाली में डालने का मामला सामने आया, जिससे नाली जाम हो रही थी और गंदगी फैल रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने संबंधित होटल संचालक पर 5000 रुपये का अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए। निगम अमले ने मौके पर ही जुर्माना लगाया और भविष्य में नाली में कचरा न डालने की सख्त चेतावनी दी।

आयुक्त ने शहरवासियों से स्वच्छता महाअभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न डालें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखें। उन्होंने प्रतिबंधित प्लास्टिक और डिस्पोजेबल सामग्री के उपयोग से बचने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों के सहयोग से ही कोरबा को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सकता है।

नगर निगम द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 2 मार्च को वार्ड क्रमांक 24 बुधवारी और वार्ड क्रमांक 26 रविशंकर शुक्ल नगर में भी विशेष मेगा स्वच्छता अभियान चलाकर व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कार्य किए जाएंगे।

Share This Article