रायगढ़, 28 फरवरी (वेदांत समाचार)। होली पर्व को देखते हुए जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में पान ठेलों और दुकानों पर दबिश देकर ‘गोगो’ सहित अन्य नशे की सामग्री बेचते पाए जाने पर 35 संचालकों के खिलाफ जुर्माना और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध महुआ शराब, गांजा और अन्य नशे के कारोबार पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के कई पान ठेलों पर “गोगो” नामक नशे की सामग्री खुलेआम बेची जा रही है। सूचना मिलते ही एसएसपी ने नगर पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी को थाना प्रभारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली, चक्रधरनगर, कोतरारोड, जूटमिल, पुसौर, तमनार और लैलूंगा थाना क्षेत्रों में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पान ठेलों, दुकानों और अड्डेबाजी स्थलों पर दबिश दी। जांच के दौरान कई दुकानों में “गोगो” और अन्य नशे की सामग्री बेचते पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित संचालकों पर जुर्माना लगाया, वहीं पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कड़ी चेतावनी दी।
कार्रवाई के दौरान थाना कोतवाली क्षेत्र के राजीव नगर, रामपुर, ढिमरापुर, इंदिरा नगर और चांदमारी में छह दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। चक्रधरनगर क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज और पंजरी प्लांट के पास चार दुकानदारों पर कार्रवाई हुई। कोतरारोड क्षेत्र के किरोड़ीमल नगर, पतरापाली और भगवानपुर में छह दुकानों पर दबिश देकर प्रत्येक संचालक पर 800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुसौर क्षेत्र के बोरोडिपा और बाजार चौक बस्ती में चार दुकानदारों पर 400 रुपये का जुर्माना किया गया। तमनार क्षेत्र के मुख्य बाजार, राम मंदिर और बस स्टैंड के पास पांच दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। लैलूंगा क्षेत्र के अटल चौक और आसपास के पांच दुकानदारों पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि जूटमिल थाना क्षेत्र के सांगीतराई, कांशीराम चौक, ट्रांसपोर्ट नगर, कबीर चौक और कयाघाट में पांच दुकानदारों पर कार्रवाई की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की नशे की सामग्री की अवैध बिक्री, वितरण या सेवन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखें।
रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सके।
