Vedant Samachar

इजरायल ने ईरान पर किया हमला, सुप्रीम लीडर खामेनेई के कार्यालय के पास धमाके

Vedant samachar
3 Min Read

तेल अवीव । इजरायल ने ईरान पर हमला किया है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि इजरायल ने अपने खिलाफ खतरों को दूर करने के लिए ईरान पर हमला किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की राजधानी तेहरान में कुछ जगहों पर धमाके सुने गए हैं। वहीं, इजरायल के भी कई शहरों में साइरन बज रहे हैं। इजरायली सेना ने जरूरी सेवाओं को छोड़कर पूरे देश में पाबंदियां लगा दी हैं। ईरानी मीडिया के मुताबिक, राजधानी के मध्य हिस्से में कम से कम 3 जगह पर धमाकों की आवाज सुनी गई है। हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक तौर हमले की पुष्टि नहीं की है।

अल जजीरा के मुताबिक, तेहरान में धमाके सुने गए हैं और धुआं उठता देखा गया है। ईरानी समाचार एजेंसी फार्स ने बताया कि तेहरान में यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जोम्हौरी इलाके में कई मिसाइलें गिरी हैं। इजरायली रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने पूरे देश में तुरंत आपातकाल की घोषणा कर दी है। पूरे इजरायल में सायरन बज रहे हैं और IDF होम फ्रंट कमांड ने लोगों को शेल्टर के पास रहने को कहा है। मैसेज में कहा गया है, सुरक्षा स्थिति के कारण आम लोगों को यह पक्का करना चाहिए कि उन्हें पता हो कि उनके पास सबसे अच्छा सुरक्षित शेल्टर कौन सा है और गैर-जरूरी यात्रा से बचें।

इजरायल ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। यातायात मंत्रालय ने कहा, लोगों से अनुरोध है कि अगली सूचना तक हवाई अड्डों पर न आएं। जो यात्री अभी विदेश में हैं, वे एयरस्पेस खुलने के बाद फ्लाइट शेड्यूल के बारे में मीडिया और अपनी एयरलाइन के जरिए जानकारी लेते रहें। विदेश में रहने वाले इजरायलियों से राष्ट्रीय सुरक्षा काउंसिल के निर्देशों और सुझावों का पालन करने का अनुरोध है। जैसे ही स्थिति ठीक होगी, एयरस्पेस फिर से खोला जाएगा।

इजरायल के चैनल 12 के मुताबिक, एक सूत्र ने कहा कि ये हमला अमेरिका और इजरायल का संयुक्त ऑपरेशन है। अपुष्ट रिपोर्ट में कहा गया है कि लक्ष्य में से एक ईरान के सुप्रीम लीडर आयातुल्लाह अली खामेनेई का कार्यालय है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरानी नेताओं के घरों को निशाना बनाया जा रहा है। इसमें यह भी कहा गया है कि उन जगहों पर हमला किया गया है, जहां से ईरान इजरायल पर हमला कर सकता है।

Share This Article