Vedant Samachar

OPERATION PRAHAR : रायगढ़ पुलिस ने 140 टन अवैध स्क्रैप और 9 वाहन किए जब्त, 1.60 करोड़ की संपत्ति पकड़ी

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़, 27 फरवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अवैध स्क्रैप परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से पूंजीपथरा और गेरवानी क्षेत्र की ओर ले जाए जा रहे 9 वाहनों को पकड़कर करीब 140 टन अवैध स्क्रैप जब्त किया है। जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये और वाहनों सहित कुल जब्त संपत्ति का मूल्य करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये आंका गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक, माजदा और पिकअप वाहनों में लोहा, टीन, मोटर पार्ट्स और अन्य कबाड़ सामग्री उड़ीसा से रायगढ़ जिले में लाई जा रही है। सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर साइबर थाना, कोतवाली और जूटमिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने हाईवे और अंदरूनी मार्गों पर नाकेबंदी कर कार्रवाई शुरू की।

जूटमिल थाना पुलिस ने गढ़उमरिया उड़ीसा मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर तीन ट्रकों को पकड़ा, जिनमें करीब 85 टन स्क्रैप लोड था। वहीं कोतवाली और साइबर थाना पुलिस ने पूंजीपथरा-रायगढ़ मुख्य मार्ग पर उर्दना के पास नाकेबंदी कर छह अन्य वाहनों को पकड़ा, जिनमें लगभग 54 टन स्क्रैप लोड पाया गया। इस प्रकार कुल 5 ट्रक, 3 माजदा और 1 पिकअप वाहन सहित 139.5 टन अवैध स्क्रैप जब्त किया गया।

वाहन चालकों से स्क्रैप परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में स्क्रैप को उड़ीसा से रायगढ़ के पूंजीपथरा और गेरवानी क्षेत्र में ले जाना स्वीकार किया गया। दस्तावेजों के अभाव और चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 35(क)(ड) और बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

कार्रवाई में उज्जवल कुमार सिंह (गया, बिहार), मोहम्मद खालिद (नालंदा, बिहार), राणा सिंह (पिथौरा, महासमुंद), मनीराम (जैजैपुर, सक्ती), युधिष्ठिर दास (बरगढ़, ओडिशा), मोहनलाल सारथी (रायगढ़), भूषण साह (झारसुगुड़ा, ओडिशा), करतार सिंह (बरगढ़, ओडिशा) और सुभाष कुमार मांझी (अंगुल, ओडिशा) सहित कुल 9 आरोपियों पर कार्रवाई की गई है।

यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में साइबर थाना, कोतवाली और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ के संग्रहण और परिवहन में संलिप्त लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। चोरी या अवैध संपत्ति के परिवहन में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।

Share This Article