Vedant Samachar

कोटवार सम्मान सम्मेलन में शामिल हुए आईजी रामगोपाल गर्ग, 15 दिवसीय प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 कोटवार सम्मानित…

Vedant Samachar
3 Min Read

मुंगेली,27फरवरी (वेदांत समाचार)। जिला कलेक्ट्रेट के जनदर्शन सभाकक्ष में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम “पहल” के अंतर्गत कोटवार सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग (आईपीएस) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 ग्राम कोटवारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जिला कलेक्टर कुंदन कुमार (आईएएस) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (आईपीएस) के मार्गदर्शन में वर्ष 2025-26 के लिए जिले के कोटवारों के प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार की गई थी। इसके तहत 45 वर्ष से कम आयु के सभी ग्राम कोटवारों को व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने, ग्रामीण कानून-व्यवस्था में उनकी भूमिका सशक्त करने और आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान कोटवारों को गांव में आने-जाने वाले बाहरी व्यक्तियों की मुसाफिरी दर्ज करने, अपराध की सूचना संकलन, साक्ष्य संरक्षण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव के दौरान विशेष पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा रक्षित केंद्र मुंगेली में योग और शारीरिक व्यायाम के माध्यम से उनकी शारीरिक क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। डिजिटल युग को देखते हुए साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी से बचाव और यातायात नियमों के संबंध में विशेष सत्र आयोजित किए गए।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि कोटवार गांव की पुलिस और राजस्व व्यवस्था की मूल इकाई हैं। वे गांव के प्रत्येक परिवार, जमीन और बाहरी गतिविधियों की जानकारी रखते हैं, जिससे बेसिक पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है। उन्होंने कोटवारों से साइबर जागरूकता अभियान “साइबर प्रहरी” में सक्रिय भागीदारी निभाने और ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया। साथ ही प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान कोटवारों ने भी प्रशिक्षण से मिले अनुभव साझा किए और बताया कि उन्हें यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों की पहचान तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के संबंध में उपयोगी जानकारी मिली है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के तहत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में मुनादी कर ग्रामीणों को जागरूक करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

सम्मान समारोह में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर कुंदन कुमार, एसएसपी भोजराम पटेल, डीएफओ अभिनव कुमार और जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय ने कोटवारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर अपर जिला दंडाधिकारी निष्ठा पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह सहित जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी और बड़ी संख्या में ग्राम कोटवार उपस्थित रहे।

Share This Article