जगदलपुर,25फरवरी (वेदांत समाचार)। जगदलपुर शहर के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित इंद्रावती नदी में कूदे 19 साल के युवक का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। युवक ने सुसाइड से पहले अपनी मां को फोन कर कहा था कि, अलविदा, जा रहा हूं अब नहीं लौटूंगा है। फिर इंद्रावती नदी में छलांग लगा दी। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, युवक तरुण दास (19) शहर में पदस्थ एक महिला आरक्षक का बेटा था। मंगलवार रात उसने अपनी मां को फोन कर कहीं जाने की बात कही और दोबारा वापस नहीं आने की बात कहकर कॉल काट दिया। बेटे की बात सुनकर घबराई मां ने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
इसी बीच पुलिस को खबर मिली कि, एक युवक ने इंद्रावती नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और नगर सेना की एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से युवक का चप्पल और मोबाइल फोन बरामद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी पुलिस को बताया कि उन्होंने एक युवक को नदी में कूदते देखा था। रात अधिक होने के कारण अंधेरे में सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आई, लेकिन पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने देर रात तक खोजबीन जारी रखी। बुधवार सुबह दोबारा सर्चिंग शुरू की गई, जिसके बाद युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
सुसाइड का कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में युवक के सुसाइड करने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि युवक की मां सीएसपी कार्यालय में पदस्थ है, जबकि उसके पिता भी पुलिस विभाग में सैनिक के पद पर कार्यरत हैं। हालांकि दोनों कई साल से अलग रह रहे थे। तरुण चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
