भोपाल ,25फरवरी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को किसानों के लिए घातक बताते हुए कहा है कि दबाव में किए गये इस समझौते के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के हितों से समझौता कर बड़े कारापोरेट हितों को साधा है।
श्री खरगे तथा श्री गांधी ने मंगलवार को यहां प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को पूरी तरह से किसानों के लिए नुकसानदायक बताया और कहा कि इससे सोयाबीन, कपास, मक्का सहित कई फसलों के दाम प्रभावित होंगे और विदेशी आयात बढ़ने से स्थानीय किसानों को सीधा नुकसान झेलना पड़ेगा। उनका कहना था कि यह समझौता बड़े कॉरपोरेट हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उनका कहना था कि यह लड़ाई सिर्फ मध्य प्रदेश की नहीं, बल्कि देशभर के किसानों की है इसलिए पार्टी इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगी और अन्य राज्यों में भी इसके खिलाफ आंदोलन करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि अगर यह व्यापार समझौता लागू हुआ तो कृषि क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिससे छोटे और मध्यम किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा। पार्टी ने इसे किसान विरोधी करार देते हुए केंद्र सरकार से समझौते की शर्तें सार्वजनिक करने और किसानों से चर्चा करने की मांग की है।
श्री खरगे ने कहा कि देश की वास्तविक स्थिति क्या है यह बात युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में स्थित भारत मंडपम में आयोजि एआई शिखर सम्मेलन के दौरान श्री मोदी के सामने जाकर रखी और उन्हें बताया कि देश के गरीबों के पास खाना नहीं है, वे भूखे पेट है, देश का युवा बेरोजगार है, किसान बेहद परेशान हैं, इसलिए यह समझौता मत कीजिए लेकिन मोदी सरकार ने इसे देश का अपमान बता दिया। देश का अपमान तो तब हुआ, जब मोदी जी ने ट्रंप के सामने हमारा स्वाभिमान गिरवी रख दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डरपोक बताया और कहा कि मैंने अपनी जिंदगी में इतना डरपोक प्रधानमंत्री कभी नहीं देखा। मैं 60 साल से सियासत में हूं, लेकिन मैंने ऐसा प्रधानमंत्री कभी नहीं देखा जो विपक्ष से आंख नहीं मिला पाता, संसद में अपनी बात नहीं रख पाता, एक प्रेस कॉन्फ्रेंस तक नहीं कर पाता। श्री मोदी कांग्रेस को डराने का काम कर रहे हैं, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस पार्टी ने अंग्रेजों को भगा दिया और आजादी ली जबकि भाजपा के पुरखे सरेंडर कर रहे थे और माफीनामा लिख रहे थे।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प को अपना दोस्त बताते हैं लेकिन जब ट्रंप ने कहा- मैंने हिंदुस्तान और पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराया तो श्री मोदी ने इस बात पर एक शब्द नहीं कहा और आज वो बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। इसलिए आप सभी से इतना ही कहना चाहता हूं- डरो मत, क्योंकि आपको संविधान और लोकतंत्र को जिंदा रखना है। आप मजबूती से लड़िए, कांग्रेस पार्टी आपके साथ है।
