Vedant Samachar

Accident News : खड़े ट्रक से भिड़ी बोलेरो, एयर बैग पंक्चर होने से ड्राइवर सहित दो लोगों की मौत…

Vedant Samachar
4 Min Read

जांजगीर,25फरवरी (वेदांत समाचार)। जांजगीर मंगलवार की सुबह सड़क हादसे में स्वास्थ्य विभाग के दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि एक मुख्य लिपिक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना नांदघाट के पास उस समय हुई, जब शासकीय कार्य से रायपुर जा रही सरकारी बोलेरो तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक को बाहर निकालने के लिए दरवाजा तोड़ना पड़ा। पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे के आसपास हुआ। बोलेरो जांजगीर-चांपा से सुबह लगभग आठ बजे सीएचएमओ कार्यालय के कार्य से रायपुर रवाना हुई थी।

वाहन में चालक सत्येंद्र उपाध्याय (लगभग 49-50 वर्ष), सीएचएमओ कार्यालय के मुख्य लिपिक सीएल साहू और उनके साथ एक रिश्तेदार रमेश सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। बताया जा रहा है कि ट्रक का पिछला हिस्सा सड़क की ओर निकला हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही सरकारी बोलेरो संभवतः ओवरटेक करते या साइड से निकलने के प्रयास में सीधे ट्रक के पीछे जा घुसी। बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया।

चालक सत्येंद्र उपाध्याय स्टीयरिंग और सीट के बीच फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का दरवाजा तोड़ा और उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के दौरान वाहन का एयरबैग भी खुला, परंतु टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है और तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रक सड़क पर किस परिस्थिति में खड़ा था और क्या यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ था। सीएमएचओ ने बताया कि वाहन शासकीय कार्य से रायपुर जा रहा था। सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

घटना स्थल पर दो ही मौत, बाबू अपोलो में भर्ती
दुर्घटना में वाहन में सवार रमेश की भी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुख्य लिपिक सीएल. साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।

बेकाबू कार पुलिया के नीचे गिरी

जशपुर के दमेरा-जशपुर मार्ग पर मंगलवार दोपहर लगभग एक बजे बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चराईडांड के समीप स्थित अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार जशपुर की ओर आ रही थी। चराईडांड के खतरनाक अंधे मोड़ पर चालक अचानक वाहन से संतुलन खो बैठा। बता दें साढ़े तीन किलोमीटर लंबी दमेरा घाटी में तीन घुमावदार मोड़ हैं।

बाक्साइट लोड ट्रक पलटा, एक की मौत

बलरामपुर जिले के कुसमी इलाके में ट्रक पलटने से एक क्लीनर की मौत हो गई। बताया गया है कि ट्रक का ड्राइवर सोमवार को बाक्साइट लेकर सामरी से झारखंड जाने के लिए निकला। इस दौरान जामटोली के पास ब्रेक फेल होने से ट्रक अनियंत्रित हो गया। ड्राइवर व क्लीनर चंदीप पाल (23 वर्ष) ट्रक से कूद। चंदीप ट्रक के चक्के के नीचे आ गया और घायल हो गया। ड्राइवर द्वारा उसे पास के अस्पताल ले जाया गया। यहां से डाक्टर द्वारा हायर सेंटर रेफर किया गया।

Share This Article