कोरबा, 24 फरवरी (वेदांत समाचार)। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम की टीम ने सुभाष चौक से घंटाघर चौक, बुधवारी चौक तथा जैन चौक क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान सड़कों और चौक-चौराहों पर किए गए अस्थायी कब्जों को हटाया गया और संबंधित लोगों को भविष्य में अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम द्वारा निर्मित यात्री प्रतीक्षालय में अवैध रूप से दुकान लगाने और अन्य स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। निगम अमले ने संबंधित दुकानदारों पर कुल 2500 रुपये का अर्थदंड लगाया और स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक सुविधाओं का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए ही किया जाए।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में अतिक्रमण और अव्यवस्थित दुकानों के कारण आम नागरिकों और राहगीरों को परेशानी होती है, इसलिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। निगम ने दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शहर को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
